लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अडियारी भाखरी में बारूद से पहाड़ों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत, जांच की मांग
समदड़ी (बालोतरा)। क्षेत्र के अडियारी भाखरी में कथित रूप से अवैध खनन और विस्फोट कर पहाड़ों को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ खननकर्ताओं द्वारा नियमों को दरकिनार कर पहाड़ी क्षेत्र में बारूद से विस्फोट कर पत्थर निकाले जा रहे हैं, जिससे प्राकृतिक पहाड़ों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन गतिविधियां निर्धारित सीमा से बाहर तक पहुंच गई हैं और पहाड़ों को काटकर बड़े पैमाने पर पत्थर निकाले जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इससे क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है।
प्राचीन भुरिया बाबा मंदिर पर भी खतरे की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि अडियारी भाखरी स्थित सदियों पुराने भुरिया बाबा मंदिर के आसपास भी खनन गतिविधियों के कारण खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विस्फोटों से होने वाले कंपन और पत्थरों के उछलकर गिरने से मंदिर क्षेत्र प्रभावित हो सकता है।
जमीन और पर्यावरण को नुकसान का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार विस्फोट के दौरान पत्थर दूर-दूर तक उछलकर गिरते हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि खननकर्ताओं की नजर आसपास की जमीन पर भी है और नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
माइनिंग विभाग से जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों ने खनन विभाग और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन क्षेत्र की सीमा, स्वीकृत लीज और नियमों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक पहाड़ियों, धार्मिक स्थलों और आसपास के पर्यावरण की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।