लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्वामी विवेकानंद जयंती पर स्नेह मिलन समारोह, युवाओं में दिखा उत्साह
रिपोर्ट: बृजकिशोर पारीक, जोधपुर
जोधपुर (ग्रामीण)। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर खोखरिया बनाड़ में स्वामी विवेकानंद जी की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में स्नेह मिलन समारोह एवं खेलकूद महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्कार भारती जोधपुर ग्रामीण, लायंस क्लब सनसिटी, सत्य प्रेम करुणा सेवा संस्थान एवं तारा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रांतीय अध्यक्ष जितेंद्र जालोरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं और युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। वहीं प्रांतीय महामंत्री पूनमचंद सुथार ने खेलों को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि सरवनदान एवं वीर रस के राष्ट्रीय कवि आकाश नौरंगी ने अपनी ओजस्वी रचनाओं के माध्यम से युवाओं में जोश, ऊर्जा और देशप्रेम का संचार किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
इस आयोजन में संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष योगाचार्य श्याम जी भाटी, महामंत्री रवि प्रकाश चौधरी, सत्य प्रेम करुणा सेवा संस्थान के अध्यक्ष हुकमाराम भाटी, लायंस क्लब सनसिटी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, खोखरिया सरपंच गोविंद सियाग, युवा नेता राजेंद्र छबरवाल, डॉ. शंकर जांगिड़, संजय गहलोत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
खेलकूद महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक विकास एवं सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, सम्मान एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ किया गया।