लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थी और ग्रामीण, ढोल-नगाड़ों के बीच जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
स्थानीय संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ रविवार को पीसांगन में विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी, ग्रामीण और आमजन रैली में शामिल हुए। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
तिरंगा रैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर गणगौरी चौक, बजरंग मार्केट, पुराना थाना, सदर बाजार, नया बाजार और ग्राम पंचायत भवन होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।
देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों से गूंजा माहौल
रैली के दौरान प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
तिरंगे के साथ कदमताल करते विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कस्बे में राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया।
युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना उद्देश्य
उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर ने बताया कि तिरंगा रैली का उद्देश्य देशवासियों और विशेष रूप से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
तिरंगा रैली में उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर, तहसीलदार अमित जिंदोलिया, नगरपालिका ईओ राजेंद्र रेवाड़, एसीबीईओ हंसराज चौधरी, मंडल अध्यक्ष बीरम पीपाड़ा, सोनू मावर, हरदिन चौधरी और दिलराज कुमावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और विद्यार्थी शामिल हुए।
रैली के दौरान तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति का उत्साह पूरे कस्बे में देखने को मिला।
