लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
हल्की बारिश के बीच कलेक्ट्रेट तिराहे से मानासर सर्किल तक निकली प्रभात फेरी; विद्यार्थियों, NCC, NSS, स्काउट-गाइड और आमजन ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) रविवार सुबह हल्की बारिश की फुहारों के बीच नागौर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा प्रभात फेरी निकाली गई। कलेक्ट्रेट तिराहे से मानासर सर्किल तक आयोजित प्रभात फेरी को जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद कलेक्टर स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी में शामिल हुए और इसकी अगुवाई की।
कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने हाथ में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने लोगों को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
जिलेभर में आयोजित हो रहा हर घर तिरंगा अभियान
राज्य सरकार के निर्देशन में कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की ओर से नागौर जिले में 9 अगस्त से हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को जिला मुख्यालय के साथ सभी उपखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया।
जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रभात फेरी में कलेक्टर की सक्रिय सहभागिता से युवाओं और आमजन में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने रैली के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
सैकड़ों विद्यार्थियों और आमजन ने लिया हिस्सा
तिरंगा प्रभात फेरी में सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी, युवा और आमजन शामिल हुए। इनमें बीआर मिर्धा कॉलेज के विद्यार्थी, राजकीय नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं, रतन बहन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं, NSS और NCC के युवा, स्काउट-गाइड, पुलिस के जवान तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी प्रभात फेरी में भागीदारी की। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीत गाए और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगे की शान में कदमताल करते नजर आए विद्यार्थी
प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन का उत्साह देखते ही बना। हाथों में तिरंगा थामे लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
तिरंगा प्रभात फेरी के दौरान पूरा नागौर शहर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने भी प्रतिभागियों के साथ कदमताल करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सोंकरिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत गोदारा, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर, जिला खेल अधिकारी सोहनलाल गोदारा, कैप्टन प्रेमसिंह बुगासरा सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रभात फेरी के जरिए प्रशासन ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
