लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बारिश के बीच जयपुर में भव्य तिरंगा यात्रा, नड्डा-भजनलाल समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने लहराया तिरंगा
जेपी नड्डा बोले- तिरंगा यात्रा देश की गहरी भावनाओं और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा जनआंदोलन; सीएम भजनलाल ने कहा- राजस्थान की वीर धरा से तिरंगे का गहरा ऐतिहासिक संबंध
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को जयपुर में बारिश के बीच भव्य राज्यस्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई यात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। बारिश के बीच निकली यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
अल्बर्ट हॉल से रवाना हुई यात्रा रामनिवास बाग चौराहा और सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। 
नड्डा बोले- तिरंगा यात्रा जनआंदोलन बन चुकी है
तिरंगा यात्रा से पहले अल्बर्ट हॉल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देश की गहरी भावनाओं और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव का जीवंत प्रतीक है।
नड्डा ने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग राष्ट्रीय मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। केसरिया साहस और बलिदान, सफेद सत्य और शांति तथा हरा रंग हरियाली और समृद्धि का प्रतीक है। वहीं अशोक चक्र निरंतर परिवर्तन और गतिशीलता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए तिरंगे को सरकारी भवनों तक सीमित रखने के बजाय हर घर और हर दिल तक पहुंचाने का आह्वान किया था। इसके बाद प्रभात फेरियों और तिरंगा यात्राओं के जरिए यह अभियान व्यापक जनआंदोलन बन गया।
‘गुलामी की मानसिकता से बाहर निकल रहा देश’
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश गुलामी की मानसिकता और उसकी निशानियों से बाहर निकलकर राष्ट्रीय पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर जोर देते हुए नड्डा ने हाल ही में राज्यसभा में पारित ‘प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर (संशोधन) एक्ट, 2026’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संशोधन के बाद राष्ट्रगान, संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के साथ राष्ट्रगीत को भी इसमें शामिल किया गया है। राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सीएम बोले- राजस्थान की वीर धरा से तिरंगे का गहरा संबंध
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि तिरंगे का राजस्थान की वीर धरा से गहरा ऐतिहासिक संबंध है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश की आजादी के अवसर पर पहली बार फहराया गया तिरंगा राजस्थान के दौसा से बनकर गया था। उस समय दौसा जयपुर रियासत का हिस्सा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘अमृत महोत्सव’ के दौरान शुरू हुई तिरंगा यात्रा आज देश के जन-जन की यात्रा बन चुकी है। देश जल्द ही अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है और यह प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का अवसर है।
उन्होंने कहा कि जब हाथ में तिरंगा होता है तो स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव और अधिक बढ़ जाता है। तिरंगा अनेकता में एकता और भारत की विविधता का सबसे बड़ा प्रतीक है।
युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत कर रही तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले स्कूल के दिनों में गलियों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरियां निकाली जाती थीं और देशभक्ति के गीत गूंजते थे। आज की तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा के उसी भाव को मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल घरों की छतों पर ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के दिल में भी होना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के निर्माण के प्रति कर्तव्य की भावना होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र पर राजस्थान सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। बारिश के बीच आयोजित यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि इंद्रदेव भी इस भव्य तिरंगा यात्रा का स्वागत कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी अतिथियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार व्यक्त किया।
अल्बर्ट हॉल पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मदन दिलावर, झाबर सिंह खर्रा, गजेंद्र सिंह खींवसर, जोगाराम पटेल, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, डॉ. अलका गुर्जर, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, विधायक गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य सहित भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
पूर्व सैन्य अधिकारियों से संवाद, स्वतंत्रता सेनानी से की मुलाकात
तिरंगा यात्रा के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ संवाद किया। इसके बाद नड्डा स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद्र छाबड़ा के आवास पर पहुंचे और उनसे आत्मीय मुलाकात की।
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया।