लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
झालावाड़। जिले के खानपुर क्षेत्र के देवपुरा गांव में 14 से 17 सितम्बर तक आयोजित 14 वर्षीय आयु वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शानदार ढंग से हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले भर से कई विद्यालयों ने हिस्सा लिया, जिसमें गंगधार के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्डिया लाखा की टीम ने खो-खो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें बर्डिया लाखा की टीम ने बिट्टू खेड़ी को 10 अंकों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। टीम की इस सफलता में खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के साथ-साथ पीटीआई राधा मोहन सैनी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश का विशेष योगदान रहा।
इस शानदार जीत के साथ अब विद्यालय की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झालावाड़ जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्रामवासियों ने टीम को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। पूरे क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल है।