Home latest सागरिया गांव में 20 दिनों से बह रही सिवरेज लाइन, ग्रामीण और...

सागरिया गांव में 20 दिनों से बह रही सिवरेज लाइन, ग्रामीण और बच्चे परेशान

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

 

जोधपुर। जोधपुर विधानसभा क्षेत्र के सागरिया गांव के निवासियों का पिछले 20 दिनों से जीवन मुश्किलों में घिर गया है। गांव में जोधपुर शहर की मुख्य सिवरेज लाइन का पानी लगातार बह रहा है, जिससे न केवल सड़कों पर जलभराव हो गया है बल्कि मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मच्छरों के काटने से कई लोग बीमार हो चुके हैं और स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि यह गंदा पानी अब सागरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल और प्राथमिक विद्यालय तक पहुंच चुका है। स्कूल में 300 से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन जलभराव और गंदगी के कारण बच्चों का स्कूल आना-जाना मुश्किल हो गया है। साथ ही, गांव के बीच से निकलना भी कठिन हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि सालावास जाने वाली मुख्य सिवरेज लाइन टूटने से यह पानी पिछले 20 दिनों से बह रहा है। सड़कों पर भरे पानी के कारण न केवल संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। प्राथमिक और सीनियर सेकेंडरी स्कूल दोनों में जलभराव होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर जिला कलेक्टर, नगर निगम, जे.डी.ए. और क्षेत्रीय विधायक व मंत्री जोगाराम से शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का समाधान न होने से उनके घर से बाहर निकलना भी कठिन हो गया है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सिवरेज लाइन की मरम्मत कर स्थिति सामान्य करने की मांग की है ताकि बच्चों की पढ़ाई और गांव की सामान्य दिनचर्या प्रभावित न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version