Home latest NEET परीक्षा रद्द होने पर भरतपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन

NEET परीक्षा रद्द होने पर भरतपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला, इस्तीफे की उठी मांग

भरतपुर। NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में मंगलवार को भरतपुर में जिला एवं शहर कांग्रेस की ओर से बिजली घर चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह प्रदर्शन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देश पर आयोजित किया गया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष दयाचंद पचौरी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों की मेहनत के बावजूद छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था नहीं मिल पा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेते हैं, जमीन बेचते हैं और गहने तक गिरवी रखते हैं। इसके बावजूद यदि परीक्षाएं सुरक्षित नहीं रह पातीं तो यह सरकार और शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा एजेंसियों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बबली सिंह ने कहा कि किसान और युवा दोनों सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों ने NEET परीक्षा के लिए दिन-रात मेहनत की, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं ने उनके सपनों को झटका दिया है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा दोबारा कराई जाए और इसकी पूरी व्यवस्था सरकार अपने खर्च पर उपलब्ध कराए, ताकि छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version