लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रहेंगे मौजूद
मेड़ता सिटी, नागौर। मीरा नगरी मेड़ता सिटी गुरुवार को एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेगी। मेड़ता के संस्थापक और शौर्य, स्वाभिमान एवं पराक्रम के प्रतीक रावदूदा की 15 फीट ऊंची अष्टधातु निर्मित अश्वारूढ़ प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। यह प्रतिमा मीरा स्मारक परिसर में स्थापित की गई है।
समारोह में राजनाथ सिंह तथा भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं गजेंद्र सिंह शेखावत, गज सिंह, कन्हैयालाल चौधरी, ओमकार सिंह लखावत तथा वी.पी. सिंह बदनरे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
मारवाड़ के पराक्रमी योद्धा के रूप में प्रसिद्ध रावदूदा ने अपने नेतृत्व और वीरता से मेड़ता को सामरिक और सांस्कृतिक पहचान दिलाई थी। प्रतिमा अनावरण के साथ उनकी शौर्य गाथाओं का स्मरण किया जाएगा और वीरभूमि मेड़ता के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।
नेहरू उद्यान में होगी विशाल जनसभा
प्रतिमा अनावरण के बाद नेहरू उद्यान में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए भव्य पांडाल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन और आयोजन समिति युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है।
आयोजन समिति अध्यक्ष महेशपाल सिंह बहु सहित अभयसिंह भैंसड़ा, कर्नल प्रतापसिंह गठिया, रामप्रताप गागुड़ा, मनोहर सिंह, करणसिंह मेड़ास, राजदीप सिंह गठिया, छोटूसिंह भूणास, चेनसिंह, धनसिंह राठौड़, रामकिशोर तिवाड़ी, सत्यदेव सांदू, नरेंद्र सिंह शेखावत, दीपक राखेचा, जितेंद्र सिंह शेखावत एवं शत्रुघ्न सिंह मेहास सहित अनेक लोग व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
