लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जेवर खींचने से कान में गंभीर चोट, लहूलुहान हुई वृद्धा; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
राजसमंद। कुंवारिया तहसील क्षेत्र की लापस्या ग्राम पंचायत के खंडेल की छूर बस्ती में देर रात दो नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर 90 वर्षीय वृद्ध महिला से जेवर लूट लिए। वारदात के दौरान जेवर खींचने से वृद्धा के कान में गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान हो गई।
जानकारी के अनुसार छूर बस्ती निवासी नोजी बाई (90) पत्नी उदयराम खारोल परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर में सो रही थीं। रात करीब डेढ़ बजे दो नकाबपोश युवक घर में घुसे। आरोपियों ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की रामनवमी और मादलिया तथा कानों में पहने सोने के टॉप्स खींच लिए और मौके से फरार हो गए।
शोर सुनकर पहुंचे परिजन, पिछवाड़े से भागे आरोपी
जेवर खींचने के दौरान वृद्धा के चिल्लाने पर परिजन जाग गए और मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक दोनों नकाबपोश युवक मकान के पिछवाड़े से बाड़े की ओर भाग निकले।
परिजनों ने घायल वृद्धा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
वृद्धा के दौहित्र भेरूलाल खारोल की रिपोर्ट पर कुंवारिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर नकाबपोश आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।
