लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्थानीय लोगों ने दिया कुमारी के कामकाज पर जताया भरोसा
नगर निगम चुनाव से पहले विद्याधर नगर में गरमाया सियासी माहौल, स्थानीय लोगों ने कहा—ढाई साल में क्षेत्र में दिखा विकास का असर
जयपुर। राजस्थान में हो रहे जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रचार के बीच विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में भी माहौल लगातार चुनावी रंग में रंगता जा रहा है। उपमुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक दिया कुमारी के प्रचार के दौरान जिस तरह स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की चर्चा की, उससे क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल होने का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में पिछले करीब ढाई वर्षों के दौरान कई बड़े विकास कार्यों को गति मिली है। इनमें जलभराव की समस्या के समाधान से लेकर ड्रेनेज, सड़क, अस्पताल, अंडरपास, आरओबी, शिक्षा, खेल और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
जलभराव की समस्या और सीकर रोड ड्रेनेज को मिली गति
विद्याधर नगर क्षेत्र लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझता रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विधायक बनने के बाद दिया कुमारी के कार्यकाल में इस समस्या के समाधान की दिशा में काम हुआ और सीकर रोड पर ड्रेनेज निर्माण का काम पूरा हुआ। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम रहा है।c
इसी तरह क्षेत्र में सड़क और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को स्वीकृति मिलने और निर्माण कार्य आगे बढ़ने का दावा किया जा रहा है।
आरओबी और अंडरपास से बदलेगा यातायात का स्वरूप
विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का काम चल रहा है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, लगभग 86 करोड़ रुपये की लागत से नदी का फाटक पर फोरलेन आरओबी का काम प्रगति पर है।
वहीं सीतावाली फाटक और बनार फाटक के मध्य आरओबी का कार्य भी प्रगति पर बताया जा रहा है। इसके अलावा करीब 186 करोड़ रुपये की लागत से राव शेखाजी आरओबी के काम को भी क्षेत्र के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में बताया जा रहा है।
टोरड़ी मोड़ और वीकेआई मोड़ पर अंडरपास का काम पूरा होने से यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विद्याधर नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी काम आगे बढ़ा है। हरमाड़ा में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा मुरलीपुरा में सेटेलाइट हॉस्पिटल से जुड़े कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।
वहीं झोटवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में सेटेलाइट हॉस्पिटल का काम प्रगति पर बताया जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन स्वास्थ्य परियोजनाओं के पूरा होने के बाद आसपास के हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
सड़क और पेयजल के लिए करोड़ों के काम
विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और आधारभूत विकास को लेकर भी कई योजनाओं का जिक्र किया जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं के अनुसार, करीब 100 करोड़ रुपये के जेडीए के सड़क एवं विकास कार्य जारी हैं।
इसके अलावा करीब 93 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम की सड़कों के कार्य स्वीकृत होने का दावा किया जा रहा है। वहीं करीब 170 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिलने की बात कही जा रही है।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम होने का दावा है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 11 हजार ट्यूबवेल से जुड़े कार्य किए जा चुके हैं।
बेनर रोड, कालवाड़ रोड और खातीपुरा रोड पर भी विकास कार्य
विधायक कोष से भी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृतियां जारी होने की बात कही जा रही है। करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से बेनर रोड, कालवाड़ रोड और खातीपुरा रोड पर सड़क विकास से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया जा रहा है।
इसके साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण और विकास का काम भी किए जाने की बात स्थानीय लोगों की ओर से कही जा रही है।
खेल सुविधाओं में भी बड़ा बदलाव
विद्याधर नगर में खेल सुविधाओं को लेकर भी बड़े स्तर पर काम होने का दावा किया जा रहा है। विद्याधर नगर स्टेडियम के ग्रेडेशन कार्य के साथ क्षेत्र में देश का पहला फीफा फुटबॉल ग्राउंड विकसित किए जाने की बात कही जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि खेल सुविधाओं का विस्तार होने से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो सकती है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी नई सौगातें
विद्याधर नगर क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को भी विकास की बड़ी उपलब्धियों के रूप में बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कन्या महाविद्यालय, नवीन आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्वीकृति क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं भवानी निकेतन स्कूल में सैनिक स्कूल शुरू होना भी क्षेत्र की बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।
टोरड़ी मोड़ तक मेट्रो विस्तार और रेलवे कनेक्टिविटी पर भी काम
क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भी परियोजनाएं आगे बढ़ने का दावा किया जा रहा है। टोरड़ी मोड़ तक मेट्रो के विस्तार का काम चल रहा है।
इसके अलावा गणेश मंदिर रोड पर फुट ओवरब्रिज तथा देर के बालाजी स्टेशन पर झोटवाड़ा पुलिया की तरफ से स्टेशन विंग विकसित किए जाने की बात कही जा रही है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के स्वागत से भाजपा को दिख रहा समर्थन का संकेत
नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान दिया कुमारी जब विद्याधर नगर क्षेत्र में पहुंचीं तो स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की चर्चा की और कई स्थानों पर उनके कार्यकाल की प्रशंसा भी की।
स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि ढाई साल के कार्यकाल में जिस गति से विकास कार्य हुए हैं, उसने लोगों के बीच सरकार और स्थानीय नेतृत्व को लेकर सकारात्मक माहौल बनाया है।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, दिया कुमारी ने विधायक और उपमुख्यमंत्री के रूप में क्षेत्र के लोगों से संपर्क बनाए रखा है। उनके अनुसार, जो भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनके घर या कार्यालय पहुंचा, उसकी समस्या के समाधान का प्रयास किया गया।
नगर निगम चुनाव में विकास बनेगा सबसे बड़ा मुद्दा?
नगर निगम चुनाव के बीच विद्याधर नगर में अब विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का लाभ नगर निगम चुनाव में पार्टी को मिल सकता है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह विधानसभा चुनाव में जनता ने दिया कुमारी पर भरोसा जताया था, उसी तरह अब नगर निगम चुनाव में भी स्थानीय मतदाता भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर सकते हैं।
हालांकि, चुनावी माहौल में अंतिम फैसला जनता के मत से ही होगा। फिलहाल विद्याधर नगर में विकास कार्यों और स्थानीय मुद्दों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है और भाजपा कार्यकर्ता इसे अपने प्रत्याशियों के लिए सकारात्मक संकेत के तौर पर देख रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा—जीत का बनेगा नया इतिहास
विद्याधर नगर के भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, ड्रेनेज, आरओबी, अंडरपास, अस्पताल, शिक्षा, खेल और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए कामों को देखते हुए नगर निगम चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को फायदा मिल सकता है।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि विद्याधर नगर में भाजपा प्रत्याशी जीत दर्ज कर नया इतिहास बनाएंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विकास कार्यों को लेकर बन रहा यह माहौल मतदान के दिन भाजपा के पक्ष में कितने वोटों में तब्दील होता है।