लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर। लोकतंत्र के महापर्व के तहत सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहजनक माहौल में जारी है। मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
इसी क्रम में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री और सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को सपरिवार मतदान किया। उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने नागरिक कर्तव्य का निर्वहन करते हुए मताधिकार का प्रयोग किया।
मंत्री जोराराम कुमावत ने मतदान के बाद क्षेत्र के मतदाताओं से भी लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है। वहीं, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
