लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: दुर्योधन मयंक, उनियारा
नगरफोर्ट: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के नगरफोर्ट कस्बे में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में टोंक-सवाई माधोपुर सांसद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मांडकला बैरवा समाज मंदिर परिसर पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद वे मुख्य बाजार से निकाले गए जुलूस में भी शामिल हुए।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में बाबा साहेब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं, और समाज में समानता, शिक्षा तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के बाद सांसद ने जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान गणेश चौधरी, उप प्रधान महादेव मीना, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि गुलाब मीना, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश धाकड़, पूर्व प्रधान जगदीश चौधरी, जिला परिषद सदस्य हंसराज गुंजल, पंचायत समिति सदस्य बाबूलाल मीना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।