लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर) । पीसांगन थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को प्रेमजाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण उर्फ सुनील निवासी धीनावास, थाना सोजत सिटी, जिला पाली के रूप में हुई है।
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि 19 जून को पीड़िता के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनकी नाबालिग पुत्री 18 जून की रात बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवादी ने आशंका जताई थी कि किसी युवक ने उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में एएसआई फुलसिंह गुर्जर, गणेशराम सामरिया, हेड कांस्टेबल अरुणसिंह नाथावत तथा कांस्टेबल सुखराम सेवदा, भोमाराम चोयल, प्रधान जाट और जोराराम जाट की विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी की तलाश करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि आरोपी से मामले में आगे पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में विधि सम्मत कार्रवाई जारी है।
