लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
4,091 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र, 7 जिलों में 3,075 करोड़ के 668 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण
जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऊर्जावान, सामर्थ्यवान और संस्कारवान युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। युवाओं की ऊर्जा, कल्पनाशक्ति और प्रतिभा के बल पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित राजस्थान का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल, कौशल और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसर तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को भवानी निकेतन शिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेशभर के युवाओं से संवाद के साथ कई योजनाओं, सेवाओं और पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
1.93 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां मिलने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरियां और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। उनके अनुसार अब तक 1 लाख 93 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है तथा करीब सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।
शर्मा ने दावा किया कि सरकार के पिछले पौने तीन साल के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शिता के साथ समय पर आयोजित की जा रही हैं।
गांवों में खुलेंगे अटल ज्ञान केंद्र
ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए ग्राम पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन केंद्रों पर ई-लाइब्रेरी और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने युवाओं से नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। शर्मा ने कहा कि राजस्थान में प्रोसेसिंग यूनिट, कोल्ड चेन, गोदाम और अन्य क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने की संभावनाएं हैं।
खेल प्रतिभाओं की तलाश के लिए प्रतिभा योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिभा योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिन्हित किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 70 लाख से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभा का आकलन करना है।
नशामुक्त राजस्थान के लिए ‘नई किरण’ पहल
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत का संकल्प लिया है। इसी दिशा में राजस्थान में ‘नई किरण’ कार्यक्रम शुरू किया गया है।
कार्यक्रम में नशामुक्त राजस्थान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, ‘नई किरण’ नशा मुक्ति केंद्र पोर्टल, प्रतिभा पोर्टल, खेल मित्र पोर्टल और खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा बनाई गई नशामुक्त युवा मानव श्रृंखला का अवलोकन किया।
7 जिलों में 3,075 करोड़ के विकास कार्य
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बारां, बूंदी, झालावाड़ और कोटा जिलों के 3,075 करोड़ रुपये के 668 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इसके अलावा स्मार्ट मूल निवास प्रमाण पत्र सेवा भी लॉन्च की गई।
राम जल सेतु और यमुना जल समझौते का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार इससे प्रदेश के 17 जिलों की करीब 3 करोड़ आबादी को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र के लिए हुए यमुना जल समझौते का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजना से क्षेत्र में यमुना का पानी पहुंचेगा और प्रदेश की करीब 75 लाख आबादी को लाभ मिलेगा। इसके तहत 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राकृतिक जलाशय का शिलान्यास किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
सड़क, किसान और आवास योजनाओं के आंकड़े
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों के काम किए जा रहे हैं। वहीं 327 स्वीकृत अटल प्रगति पथों में से 282 का काम पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 76 लाख से अधिक किसानों को 14,400 करोड़ रुपये की किसान सम्मान निधि दी जा चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 लाख से अधिक परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाख 82 हजार आवासों का निर्माण पूरा होने और 4 लाख 53 हजार मकानों के निर्माणाधीन होने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
4,091 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के 4,091 नवनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए उनके अनुभव और सुझाव भी सुने।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले अनंतजीत सिंह नरूका को 60 लाख रुपये और कुशाग्र सिंह राजावत को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, खेल एवं युवा मामलात राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
रोजगार से उद्यम तक युवाओं पर फोकस
‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में सरकार की युवा नीति के कई पहलू सामने आए। रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, खेल प्रतिभाओं की पहचान, कौशल विकास, उद्यमिता और नशामुक्ति को लेकर विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाकर प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।