लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नशे और साइबर अपराध के खिलाफ मिलकर काम करने का आह्वान
सरकार के प्रयास और जनभागीदारी से सुरक्षित एवं अपराधमुक्त हो रहा राजस्थान : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार के प्रयासों और जनभागीदारी के कारण राजस्थान सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवा सीएलजी सदस्य और सुरक्षा सखियां समाज में समरसता, सहयोग और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित युवा सीएलजी सदस्यों एवं सुरक्षा सखियों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से नशे, साइबर अपराध और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर अभियान चलाने का आह्वान किया।
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान पत्रिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेशभर से आई सुरक्षा सखियों और युवा सीएलजी सदस्यों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश के कर्णधार हैं। उन्हें अपनी सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए तथा महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।
74 हजार से अधिक युवा सीएलजी सदस्य जुड़े
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा सीएलजी में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को जोड़ा गया है। वर्तमान में प्रदेश में बीट स्तर पर 61 हजार से अधिक, थाना स्तर पर 11 हजार से अधिक तथा जिला स्तर पर करीब 2 हजार युवा सीएलजी सदस्य कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवा सीएलजी सदस्य अपराध रोकथाम के साथ-साथ यातायात व्यवस्था, रक्तदान, पौधारोपण, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बुजुर्गों की सहायता जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
महिलाओं में विश्वास का दूसरा नाम बनीं सुरक्षा सखियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा सखी योजना महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस की महत्वपूर्ण पहल है। प्रदेश में अब तक करीब 22 हजार सुरक्षा सखियों का चयन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा सखियां केवल सूचना देने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने का भी कार्य कर रही हैं।
नशामुक्ति और साइबर जागरूकता पर जोर
मुख्यमंत्री ने युवा सीएलजी सदस्यों से अपने क्षेत्रों में नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस और आमजन के प्रति संवेदनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जबकि पीड़ितों को सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जा रहा है।
रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि पेपर लीक मामलों की जांच के लिए गठित एसआईटी अब तक 569 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। राज्य में अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में 1.89 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.22 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
महिला सशक्तीकरण के लिए कई पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 लाख साइकिलों और 46 हजार स्कूटियों का वितरण किया गया है। वहीं, मा वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही 19 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा सखियां एवं युवा सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।