लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत 24 एवं 25 अगस्त को प्रस्तावित नेशनल विजिट की तैयारियों को लेकर उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. अरविंद नागर ने मंगलवार को गंगधार क्षेत्र स्थित पीएचसी कचनारा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. नागर ने चिकित्सा संस्थान में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने निशुल्क दवा योजना, निशुल्क जांच योजना, ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान स्टाफ की बैठक आयोजित कर सभी कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) एवं शक्ति दिवस गतिविधियों की मॉनिटरिंग की गई। डॉ. नागर ने एक गर्भवती महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
बैठक में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) एवं कायाकल्प योजना के मानकों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने संस्थान का आंतरिक मूल्यांकन (इंटरनल असेसमेंट) शीघ्र पूर्ण कर जिला स्तर पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं बैठक में जिला क्वालिटी सेल से महेश पारेता, विजय शर्मा, हरीश कुमार, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. हर्षित सैनी, समस्त सीएचओ, एएनएम, आशा सहयोगिनी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
