लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यालयों और पुलिस थाने में चलाया जागरूकता अभियान, युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
डग (झालावाड़)। ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत मंगलवार को चौमहला सेंटर से पहुंचीं ब्रह्माकुमारी गीता दीदी ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार जैन के साथ डग नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं पुलिस थाना डग का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, संस्कारवान और सकारात्मक जीवन जीने की शपथ दिलाई गई।
गीता दीदी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, महात्मा गांधी राजकीय उच्च अंग्रेजी विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक पीएम श्री विद्यालय एवं स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस थाना डग में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से देशव्यापी नशा मुक्ति अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इसके तहत लोगों को नशामुक्त जीवन की प्रतिज्ञा दिलाने के साथ आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मबल बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
गीता दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मन को कमजोर करता है तथा परिवार, समाज और राष्ट्र पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, सेमिनार और शपथ समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पत्रकार किशोर सोनी ने कविता के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति का धन, पद, प्रतिष्ठा और परिवार की खुशियां तक छीन लेता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार जैन ने कहा कि किसी भी देश को कमजोर करने का सबसे आसान तरीका उसकी युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में धकेलना है। इसलिए युवाओं को नशे से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि नशा करना ही है तो राष्ट्रभक्ति, शिक्षा और अच्छे संस्कारों का करें।
कार्यक्रम में मानसिंह सोनगरा, शीला सेन, राजेश चिता, छुट्टन लाल मीणा, दिनेश बोहरा, इसरार अहमद सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
