लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बांसवाड़ा/जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरूवार को बांसवाड़ा के तलवाड़ा स्थित शक्ति पीठ त्रिपुर सुंदरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने नापला हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति जनता में विशेष आकर्षण और विश्वास है, इसलिए नापला में इतनी विशाल सभा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के लिए लगभग 1 लाख 8 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया, साथ ही 15 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
शर्मा ने कहा कि वागड़ क्षेत्र में माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की आधारशिला रखी गई है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट के विकास की भी जानकारी दी।