लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 को मिलेगी और मजबूती
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय से महिला सुरक्षा को समर्पित 42 पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों एवं घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी महिला पीसीआर वैन 24 घंटे सक्रिय रहकर महिलाओं की सहायता के लिए कार्य करेंगी। इन वाहनों को अभय कमांड सेंटर से जोड़ा गया है, जो पहले से संचालित डायल 112 प्रणाली की तर्ज पर काम करेगा।
प्रत्येक वाहन में मोबाइल डाटा टर्मिनल (MDT) स्थापित किया गया है, जिससे अभय कमांड सेंटर से सीधे निर्देश प्राप्त कर घटनास्थल पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी। इसके अलावा वाहनों में GPS, फोल्डिंग स्ट्रेचर और LED लाइट बार जैसे आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 का उद्देश्य उत्पीड़न, शोषण और हिंसा जैसी आपात स्थितियों में महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करना है। यह प्रणाली महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।