लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद। जिले के मोही गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। गांव निवासी 14 वर्षीय पुनीत सालवी ने खेत पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पुनीत सालवी शुक्रवार रात करीब 8 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह उसकी दादी देऊ बाई खेत पर दूध निकालने पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने पोते का शव लोहे की एंगल से फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह बेसुध होकर गिर पड़ीं। पास में मौजूद कालूलाल माली ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कांकरोली थाना प्रभारी सरोज बैरवा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए आरके चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवाया।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस के अनुसार, किशोर द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो मदद उपलब्ध है। किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर मिला सहयोग जीवन बचा सकता है।

















































