लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाला मेवड़ा–डेगाना मार्ग एक बार फिर बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। आश्चर्य की बात यह है कि महज़ डेढ़ महीने पहले करवाया गया पेचवर्क अब पूरी तरह उखड़ चुका है। हल्की आवाजाही और सामान्य मौसम भी इस मरम्मत को सहन नहीं कर पाए, जिससे मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पेचवर्क के दौरान ही घटिया सामग्री और कमजोर तकनीक को लेकर गंभीर आशंका जताई गई थी। लोक टुडे में इस सड़क की स्थिति को लेकर पूर्व में खबर प्रकाशित हो चुकी है, जिसमें कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। अब वही आशंकाएं सच साबित हो रही हैं, क्योंकि जिस हिस्से पर पेचवर्क किया गया था, वहीं सबसे अधिक डामर उखड़ चुका है।
सड़क किनारों पर फैली रेत, टूटे टुकड़े और उखड़ा डामर साफ संकेत देते हैं कि मरम्मत खानापूर्ति के तौर पर की गई थी। इससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
