लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे और आसपास के गांवों में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवा का दौर जारी रहा। इस मौसम का सीधा लाभ खेतों में खड़ी रबी फसलों को मिल रहा है।
क्षेत्र के खेतों में गेहूं, चना, तारामीरा, रायड़ा और मेथी की फसलों की बढ़वार बेहतर दिखाई दे रही है। ग्रामीण खेतों का निरीक्षण करते हुए किसानों ने बताया कि हाल की नमी और ठंडी हवा फसलों के लिए अनुकूल है। पत्तियां हरी-भरी हो रही हैं और पौधों में मजबूती आ रही है।
किसानों ने हल्की बारिश की उम्मीद जताई है ताकि मिट्टी में और नमी बढ़े और पैदावार बेहतर हो सके। मौसम विभाग ने 27 से 30 नवंबर तक बारिश का अनुमान जारी किया है। किसानों का मानना है कि यदि यह बारिश होती है तो इस बार रबी की फसलें पहले की तुलना में अधिक उत्पादन दे सकती हैं।
आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है।
