Home latest मंत्री बेढ़म ने ग्राम रथ चौपाल में दी करोड़ों के विकास कार्यों...

मंत्री बेढ़म ने ग्राम रथ चौपाल में दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

विकसित ग्राम का संकल्प: 
टोडा में लगेगा डीप बोरवेल, बरसाना से कठूमर तक मार्ग बनेगा एमडीआर

डीग। प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने ग्राम रथ अभियान के तहत आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकसित ग्राम के संकल्प के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को ग्राम रथ के आगमन पर बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि जनता की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

गृह राज्य मंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि डीग से गुलपाड़ा होते हुए बसबुर्जा तक की सड़क को मुख्य जिला सड़क (एमडीआर) में क्रमोन्नत किया गया है, जो पहले केवल ग्रेवल सड़क थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 80 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। साथ ही बरसाना से सबलाना, खोह, अढावली चौराहा और गढ़ी मेवात होते हुए कठूमर तक के मार्ग को भी एमडीआर बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेढ़म से जटेरी तक बनी सड़क क्षेत्रीय विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। सड़क एवं परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए वे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात कर चुके हैं।

पेयजल समस्या के समाधान को लेकर मंत्री ने कहा कि चंबल परियोजना का पानी सीकरी बांध में पहुंचेगा, जहां से इसे ककड़ा बांध होते हुए टोडा गांव तक लाया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने टोडा में तुरंत डीप बोरवेल लगवाने की घोषणा भी की।

कानून व्यवस्था पर बोलते हुए बेढ़म ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध और टटलूबाजी में शामिल लोगों की उन्होंने कभी पैरवी नहीं की। इसी सख्ती का परिणाम है कि कभी साइबर अपराध में शीर्ष पर रहने वाले डीग जिले में अब अपराध का ग्राफ तेजी से कम हुआ है। उन्होंने युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में भेंट किए गए चांदी के मुकुट को उन्होंने स्थानीय धार्मिक स्थल को समर्पित कर सादगी और सामाजिक समर्पण का परिचय दिया।

जन-संवाद के दौरान प्राप्त गैर खातेदारी भूमि संबंधी परिवादों पर मंत्री ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। तहसीलदार को भी संबंधित रिकॉर्ड तत्काल प्रस्तुत करने के लिए पाबंद किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आबादी क्षेत्र में बने सभी घरों के पट्टे जारी किए जाएंगे।

विद्यालय परिसर में टीन शेड की मांग पर मंत्री ने आवश्यक माप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि शीघ्र स्वीकृति दी जा सके। इसके अलावा उन्होंने बताया कि किसानों को दी जाने वाली मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है।

उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने तथा पशुपालकों से मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुओं का बीमा कराने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही राज्य सरकार का लक्ष्य है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version