लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एक ही स्थान पर मिली विभिन्न विभागों की सेवाएं
पीसांगन (अजमेर)। पीसांगन उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला में जनकल्याण शिविर अभियान के तहत ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से काफी राहत मिली।
शिविर का आयोजन शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर के निर्देशानुसार तहसीलदार अमित जिंदोलिया, विकास अधिकारी महेंद्र कुमार मालाकार, अतिरिक्त विकास अधिकारी चन्द्रनारायण चौधरी की उपस्थिति तथा प्रशासक सीमा चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
तहसीलदार अमित जिंदोलिया ने बताया कि शिविर में राजस्व, पंचायती राज, राजीविका, पीएचईडी, शिक्षा, समाज कल्याण, आयोजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा खाद्य विभाग से संबंधित प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण किया गया। चिकित्सा विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया, जबकि पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया। आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति तथा यूनानी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से भी ग्रामीणों का उपचार किया गया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप शिविर में ग्रामीणों को विकसित भारत जी-रामजी योजना की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सशक्तिकरण के तहत महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके लाभों के बारे में भी जागरूक किया गया।
शिविर में पंचायती राज, राजस्व, ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, आयुर्वेद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत हुई तथा समस्याओं का त्वरित समाधान मिला।
