लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निष्पक्ष जांच और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
भरतपुर। भरतपुर रेंज की आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने शुक्रवार को अटलबंद पुलिस थाने में जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में परिवादियों ने कोतवाली, अटलबंद और सेवर थाना क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मामलों में पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पुलिस द्वारा सही जांच नहीं की जा रही है तथा आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित प्रकरणों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग रखी।
इसके अलावा शहर में रात्रिकालीन समय में अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की गई।
आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने पर भी जोर दिया।