लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्य स्तरीय वन महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 1 एवं 2 अगस्त को उदयपुर और राजसमंद जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, युवा जागरूकता तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन से संवाद कर विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे।
राज्य स्तरीय वन महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री 1 अगस्त को उदयपुर के दूध तलाई (पिछोला) में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे चंदनवन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव पहुंचकर 10वीं ग्राम विकास चौपाल में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री इससे पहले प्रदेश में नौ ग्राम विकास चौपाल आयोजित कर चुके हैं। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास योजनाओं की समीक्षा तथा आमजन से सीधा संवाद किया जा रहा है।
नारी शक्ति रैली को दिखाएंगे हरी झंडी
दौरे के दूसरे दिन 2 अगस्त को मुख्यमंत्री उदयपुर स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वे नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
राजसमंद में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री राजसमंद जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे, नागरिक सुविधाओं और समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टरों और एसपी के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री उदयपुर पहुंचकर उदयपुर संभाग तथा सिरोही जिले के जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और प्रशासनिक समीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
