लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
जिला कांग्रेस ने मुख्य सचिव के नाम सौंपा ज्ञापन, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता की उठाई मांग।
भीलवाड़ा। महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में हाल ही में हुई प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर गहरा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की मांग की।
ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक एवं महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में एडीएम (प्रशासन) प्रतिभा तिवाड़िया को सौंपा गया।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने कहा कि यदि जांच में चिकित्सकीय या प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और सरकार को इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता से लेते हुए दोषियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं देना चाहिए।
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि प्रशासन को इन घटनाओं पर जवाब देना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में समय रहते सुधार नहीं किया गया और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस प्रदेशभर में जनआंदोलन करेगी। उन्होंने जांच समिति से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से निम्न प्रमुख मांगें रखीं—
- प्रसूताओं की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच।
- दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई।
- मृतक परिवारों को उचित आर्थिक सहायता।
- अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा।
- चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के रिक्त पदों की शीघ्र भर्ती।
- आधुनिक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
- जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना।
- जांच रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में सार्वजनिक करना।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन
एडवोकेट कुणाल ओझा ने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इस दौरान पूर्व नगर परिषद सभापति मंजू पोखरना, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहर) रेखा हिरण, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी आमजन के हित में व्यापक जनआंदोलन करेगी।




















































