- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भिवाड़ी में मानवता की मिसाल:
अरुण शर्मा
भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा)
आज के स्वार्थमय युग में, जहां अधिकांश लोग अपने ही सगे-संबंधियों की जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लेते हैं, वहीं भिवाड़ी की श्री राम सेवा समिति लगातार समाज के लिए ऐसी मिसालें पेश कर रही है, जो संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक बन चुकी हैं। शुक्रवार को समिति ने एक बार फिर लावारिस शव का अंतिम संस्कार कर मानवता का धर्म निभाया।
लावारिस शव का अंतिम संस्कार
भिवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत थड़ा गांव रोड पर पुलिस को सूचना मिली कि किसी बंद दुकान के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। जब काफी प्रयासों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी और परिजनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने श्री राम सेवा समिति से संपर्क किया।
हिन्दू धर्म के अनुसार किया अंतिम संस्कार
समिति के प्रधान विनीत सिसोदिया ने बताया कि सूचना मिलते ही समिति की टीम तुरंत सक्रिय हुई और शव को श्मशान घाट ले जाकर हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों के साथ सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया गया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि हमारी आत्मा का फर्ज है। हर वह व्यक्ति जो इस धरती पर जन्म लेता है, उसकी अंतिम यात्रा भी सम्मान के साथ होनी चाहिए।”
ये भी रहे मौजूद
अंतिम संस्कार के दौरान प्रधान विनीत सिसोदिया के साथ विनोद कपूर, अरुण गौड़, देवेंद्र गर्ग, महावीर, चंद्रभान, शुभकरण, राजबीर, विजय गुप्ता, राहुल चौधरी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
श्री राम सेवा समिति की यह पहल समाज में मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखने का प्रेरणादायक उदाहरण है।
- Advertisement -



















































