लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में 42 रोगियों का सफल उपचार, कम्बल भी वितरित
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा | लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा संचालित लायंस आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ए.पी. सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा कार्यों की श्रृंखला में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष पवन पंवार (एडवोकेट) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य प्रवर श्री 1008 श्री विजयराज जी म.सा. के आज्ञानुवर्ती जैन संत श्री युगप्रभ मुनि म.सा. उपस्थित रहे। वहीं पीडीजी लॉयन दिलीप तोषनीवाल, अनिल गग्गड़ एवं भामाशाह लायन हेमंत कोठारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सभी ऑपरेशन लाभार्थियों को कम्बल वितरण किया गया।
क्लब अध्यक्ष पवन पंवार ने बताया कि शिविर के दौरान डॉ. अंशु बोरदिया एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा 42 रोगियों के मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए।
लायंस आई हॉस्पिटल प्रभारी लायन जे.के. बागडोदिया एवं कैंप प्रभारी लायन विनोद जैन ने बताया कि ऑपरेशन के पश्चात सभी रोगियों को आवश्यक दवाइयाँ, निःशुल्क चश्मे एवं डिस्चार्ज टिकट प्रदान कर ससम्मान उनके घर के लिए रवाना किया गया।
व्यसनमुक्ति और नेत्रदान पर दिया संदेश
मुख्य अतिथि युगप्रभ मुनि म.सा. ने अपने उद्बोधन में व्यसनमुक्त जीवन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नशे व्यक्ति के शरीर और जीवन—दोनों को अंधकार की ओर ले जाते हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया। साथ ही, लायंस क्लब द्वारा नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए मरणोपरांत नेत्रदान को एक महान और पुनीत कार्य बताया।
ए.पी. सिंह के नेतृत्व की सराहना
क्लब अध्यक्ष पवन पंवार ने अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ए.पी. सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि ए.पी. सिंह के कुशल नेतृत्व में लायंस क्लब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अस्पताल प्रभारी लायन जे.के. बागडोदिया, लायन विनोद जैन, लायन विनोद मानसिंहका सहित सभी लायंस सदस्यों, पदाधिकारियों एवं हॉस्पिटल स्टाफ—राकेश दुग्गड़, राहुल और कैलाश शर्मा का सराहनीय सहयोग रहा।
