लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (आर. एन. सांवरिया)
5 अप्रैल 2026 को होटल ली मेरिडियन गुरुग्राम में खटीक समाज का राष्ट्रीय व्यापारिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में देशभर से समाज के व्यापारी, उद्योगपति और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कार्यक्रम के संयोजकों में से एक भवानी शंकर राजोरिया, जो खटीक समाज के राष्ट्रीय महासचिव (प्रशासन) हैं, ने बताया कि खटीक समाज पारंपरिक रूप से एक व्यापारिक समाज रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी मजबूत पहचान रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए व्यापार को आगे बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से इस सम्मेलन में प्रतिष्ठित व्यापारी और विशेषज्ञ अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे।
सम्मेलन में पशुपालन, मीट प्रोसेसिंग एवं निर्यात, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग, ह्यूमन हेयर से जुड़े व्यवसाय और बकरे के चमड़े के व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही इन व्यवसायों से संबंधित सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी जाएगी।
भवानी शंकर राजोरिया ने बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से खटीक समाज के लोग बड़ी संख्या में गुरुग्राम पहुंच रहे हैं, जिससे यह आयोजन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।