लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा शहर (मनीष पारीक): खारड़िया ग्राम पंचायत के श्री वीर हनुमान मंदिर में 108 रामचरितमानस पाठ का हवन, पूजन और कलश यात्रा के साथ भव्य समापन हुआ। यह अखंड पाठ लगातार 3 माह 18 दिन तक चला, जिसमें प्रतिदिन हरि कीर्तन और रामभक्ति का वातावरण बना रहा।
समापन अवसर पर यज्ञ और विशेष पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। पंडित राधेश्याम शास्त्री, डॉ. अनिरुद्धचार्य और हरिप्रसाद दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन संपन्न कराया। 60 जोड़ों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और मानव कल्याण की कामना की।
वीर हनुमान मंदिर के पुजारी कौशलदास जी महाराज ने कहा कि रामचरितमानस पाठ सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और इससे परिवार और गांव में सुख, शांति तथा समृद्धि बनी रहती है।
कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्रामवासी और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
