लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जैतारण में सेवा संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री- ग्रामीण विकास का रोडमैप तैयार, अटल ज्ञान केंद्रों से युवाओं को मिलेगी ई-लर्निंग की सुविधा
जैतारण/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के सुनियोजित विकास के लिए रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत गांवों में खेल मैदान, अटल ज्ञान केंद्र सहित विभिन्न सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अटल ज्ञान केंद्रों के माध्यम से युवाओं को ई-लर्निंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें शिक्षा और रोजगार की तैयारी में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को जैतारण में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम-सेवा संकल्प यात्रा अभियान को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की लंबे समय से अटकी परियोजनाओं के समाधान की दिशा में काम हुआ है। प्रदेश की पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना जैसे अंतरराज्यीय समझौते किए गए हैं।
युवा, महिला, किसान और मजदूर के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में युवा, महिला, किसान और मजदूर के सशक्तिकरण पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राजस्थान अब बिजली की कमी वाले राज्य से आगे बढ़कर अन्य राज्यों को बिजली उपलब्ध कराने की स्थिति में है। उन्होंने रोडवेज और डेयरी जैसे सरकारी उपक्रमों के फायदे में होने की बात भी कही। किसानों के संबंध में उन्होंने कहा कि गेहूं पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ से हरियालो राजस्थान तक
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों का समाज पर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर हरियालो राजस्थान अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है।
लाभार्थियों को चेक और ट्राई साइकिल वितरित
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और ट्राई साइकिल वितरित की। मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण भी किया।
उन्होंने पावन धाम परिसर में जैन संत रूपमुनि जी महाराज सा. और मिश्रीमल जी महाराज सा. के समाधि स्थल पर नमन किया।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शोभा चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।