लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर। राजस्थान कांग्रेस में बड़े संगठनात्मक बदलाव करते हुए पार्टी ने 45 नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में श्रीकरणपुर विधायक रूपिन्द्र सिंह ‘रूबी’ कुन्नर को श्रीगंगानगर का नया जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आदेश जारी होते ही जिले की राजनीति में नई सक्रियता देखने को मिली।
जैसे ही नियुक्ति की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुँची, स्थानीय कांग्रेस दफ्तर में खुशी का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर रूबी कुन्नर का स्वागत किया और शुभकामनाएँ दीं।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रूबी कुन्नर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और युवाओं को पार्टी से जोड़ना होगा। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में पार्टी की गतिविधियों में नई ऊर्जा और तेज़ी देखने को मिलेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस नई नियुक्ति से जिले में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ेगी और आगामी चुनावी तैयारियों में कार्यकर्ताओं को नया जोश मिलेगा।
