लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
– विपरीत परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल करने वाले बीएलओ बने प्रेरणास्रोत
– शत-प्रतिशत परिगणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर कायम की मिसाल
जयपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत परिगणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जुझारू, समर्पित एवं प्रेरक 95 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित बीएलओ में दिव्यांग बीएलओ, पहली बार जिम्मेदारी संभालने वाले बीएलओ, सेवानिवृत्ति के निकट पहुंच चुके बीएलओ तथा वे अधिकारी भी शामिल हैं जिन्होंने भौगोलिक, शारीरिक व भावनात्मक चुनौतियों तथा सीमित संसाधनों के बावजूद लक्ष्य हासिल करने का जज्बा दिखाया। कई बीएलओ ने तो ऐसे क्षेत्रों में भी शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण कर मिसाल कायम की, जहां इंटरनेट सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।
ऐसे ही समर्पित बूथ लेवल अधिकारी है, जयपुर जिले की झोटवाड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के भाग संख्या 40 के बीएलओ मुकेश शर्मा। शर्मा का अनुभव इस मुहिम का असली स्वरूप सामने लाता है। उनके क्षेत्र में लगभग 100 ढ़ाणियां हैं। खेतों में दूर-दूर बसे इन ढाणियों तक पहुंचना आसान नहीं, फिर भी उन्होंने घर-घर पैदल जाकर एसआईआर का शत प्रतिशत कार्य 18 नवंबर तक पूरा कर लिया।
