लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
उनियारा। उपखंड क्षेत्र के पलाई ग्राम पंचायत मुख्यालय पर बुधवार को यूरिया खाद वितरण के दौरान भारी भीड़ और मारामारी की स्थिति बनी, जिसके चलते खाद वितरण पुलिस एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों की निगरानी में कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पलाई ग्राम में मंगलवार देर शाम खाद विक्रेता के यहां यूरिया खाद के 800 कट्टे भरी गाड़ी आई। किसानों को इसकी सूचना मिलते ही सुबह 7 बजे से ही दुकान के बाहर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए।
कृषि विभाग के कर्मचारियों ने प्रति किसान 2-2 कट्टे वितरण शुरू किया, लेकिन किसानों के बीच अपनी बारी को लेकर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ते देख विक्रेता ने दुकान का शटर गिरा दिया।
इस पर कृषि विभाग के कर्मचारियों ने उनियारा पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाने से हेड कांस्टेबल हेमराज एवं अन्य कांस्टेबल पहुंचे और किसानों की लाइन लगवा कर खाद वितरण को नियंत्रित किया।
इस दौरान कृषि पर्यवेक्षक बलराम धाकड़, सहायक कृषि अधिकारी भंवर लाल सैनी, कालूलाल धाकड़, सीताराम, धर्मराज प्रजापत सहित पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।