लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जिले में करीब 12000 पेंशन के प्रकरण शेष रहने पर त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देश
डीग, (मुकेश)। जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल ने मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान विशेष रूप से वीसी के माध्यम से पेंशन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करने के लिए एसडीएम एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को बैठक से जोड़ा गया। जिला कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित एसडीएम अपने ब्लॉक के बीडीओ, पटवारी सहित अन्य कर्मचारियों की सहायता लेते हुए पेंशन पेंडेंसी को उच्चतर प्राथमिकता के साथ पूर्ण करवाए। उन्होंने कहा कि समय से पेंशन मिल जाने से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंदों की काफ़ी मदद होती है और ऐसी चीजें अधिकारियों को खुद ही समय पर करनी चाहिए। उन्होंने जानकारी दी की लगभग 1000 प्रकरण छोड़ दे तो सारे पेंशन के प्रकरण बीडीओ स्तर पर लंबित है। डिप्थीरिया बीमारी के संबंध में श्री कौशल ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश है कि प्रत्येक उपखंड स्तर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसडीएम के साथ बैठक कर सेंसिटाइजेशन, सर्वे एवं वैक्सीनेशन करना सुनिश्चित करें ताकि बीमारी को ओर फैलने से रोका जा सके।

जल संसाधन विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि संवाई खेड़ा डिप्रेशन से गोवर्धन ड्रेन तक पानी लिफ्ट करने का कार्य जल्द ही पूरा करे। कलेक्टर ने अधिकारी को फटकार लगाई कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 12 अक्टूबर को भरतपुर में ली गई बैठक के बाद अभी तक गति के साथ कार्य क्यों नहीं किया गया? जिस पर एक्सईएन कृष्ण कुमार यादव ने जानकारी दी कि अब जल्द ही उक्त कार्य के लिए कार्यालय आदेश और टेंडर किया जाएगा। कलेक्टर ने इस संबंध में एक्सईएन को टाइमलाइन के तहत कार्य करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को टेंडर करे और 20 नवम्बर तक हर हालत में कार्यालय आदेश जारी करे जिससे समय पर कार्य शुरू हो। इसी प्रकार एसई जेवीवीएनएल बनवारी लाल वर्मा को निर्देशित किया गया है कि रसिया 33 केवी जीएसएस का भी कार्य शीघ्र अतिशीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने वर्मा से जानकारी मांगी है कि 12 अक्टूबर को माननीय मुख्यमंत्री की भरतपुर में बैठक के बाद कुछ काम शुरू क्यों नहीं करवाया गया? सिरथला 33 केवी जीएसएस के संबंध में पीडब्लूडी विभाग को तुरंत एनओसी जारी करने के निर्देश दिए गए है। वही डीग बायपास निर्माण के लिए कंसल्टेंट द्वारा पेश एलाइनमेंट को डीग-कुम्हेर विधायक डॉ शैलेश सिंह एवं जिला कलेक्टर ने अप्रूव किया। अब भूमि अधिग्रहण के लिए विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।