Home latest जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने खींवसर में सरकारी कार्यालयों का किया निरीक्षण 

जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने खींवसर में सरकारी कार्यालयों का किया निरीक्षण 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


रिपोर्टर – प्रदीप कुमार डागा

नागौर। जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने शुक्रवार को खींवसर उपखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, जिला अस्पताल और संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के कार्यालय, 220 केवी जीएसएस, जिला चिकित्सालय, उपखंड कार्यालय, तहसील, उपपंजीयक कार्यालय तथा महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खींवसर का अवलोकन किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जीएसएस निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति, उपकरणों की कार्य स्थिति, सुरक्षा मानकों और रखरखाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं जिला अस्पताल में डीडीसी, लैब, जेरियाट्रिक वार्ड, इमरजेंसी, ओपीडी, एक्स-रे व सोनोग्राफी कक्ष, सर्जरी वार्ड और लेबर रूम का निरीक्षण करते हुए आईएचएमएस पोर्टल पर नियमित जांच रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए।

उपखंड कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। तहसील कार्यालय में नामांतरण एवं राजस्व मामलों की प्रगति जानी, जबकि उपपंजीयक कार्यालय में पंजीयन कार्य और दस्तावेजों के संधारण की व्यवस्था का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन को पंजीयन संबंधी सेवाएं सरल और सुगम रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

इसके अलावा पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण कर जलदाय विभाग को जल जीवन मिशन की प्रगति, पेयजल आपूर्ति और गर्मियों के लिए कंटिन्जेंसी प्लान समय पर तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग कार्यों में उत्पादकता बढ़ाएं और आमजन की शिकायतों का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर करें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुनील कुमार, सीएमएचओ डॉ. जुगलकिशोर सैनी, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी श्रवण सिंह खिड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version