लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीती देर रात दो अलग-अलग हादसों में बाइक सवार समेत दो लोग घायल, हाईवे पर संकेतक और रोशनी की व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
श्रीकरणपुर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर) भारतमाला हाईवे 911 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों में हाईवे पर पांच बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। बीती देर रात भी हाईवे पर दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोग घायल हो गए।
कार और बुलेट बाइक की भीषण भिड़ंत
पहला हादसा श्रीकरणपुर से गजसिंहपुर की ओर हाईवे पर चढ़ते समय हुआ। यहां तेज रफ्तार कार और बुलेट बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान गांव 47 एफ निवासी रकसौर सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सीएचसी श्रीकरणपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया।
अंडरपास में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर
वहीं दूसरा हादसा जोरावरसिंहपुर हाईवे से उतरते समय अंडरपास में हुआ। यहां दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में नहरी विभाग के सेवानिवृत्त जेईएन स्यादा राम, निवासी श्रीकरणपुर, घायल हो गए।
घायल स्यादा राम को उपचार के लिए सीएचसी श्रीकरणपुर में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों सड़क हादसों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाओं की जांच शुरू कर दी। लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर चढ़ने और उतरने वाले स्थानों तथा अंडरपास के आसपास पर्याप्त संकेतक और रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से हाईवे पर पर्याप्त लाइटिंग, संकेतक और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस की वाहन चालकों से अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से भारतमाला हाईवे 911 पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने के साथ हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।