Home accident सरकारी स्कूल की छत गिरी, बड़ा हादसा टला; आधी रात को गिरीं...

सरकारी स्कूल की छत गिरी, बड़ा हादसा टला; आधी रात को गिरीं 11 पट्टियां

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सरमथुरा (धौलपुर)। कस्बे के एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा टल गया, जब आधी रात को बरामदे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल परिसर खाली था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (राउमा) में रात करीब 12:52 बजे बरामदे की छत की 11 पट्टियां एक साथ गिर गईं। घटना का पूरा दृश्य स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उन्होंने टूटी हुई पट्टियां देखीं, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार छत पहले से जर्जर नहीं दिख रही थी, लेकिन बारिश का पानी भरने के कारण पट्टियां कमजोर होकर गिरने की आशंका जताई जा रही है।

लटकी पट्टियां बनीं खतरा

स्कूल भवन में अभी भी कई जगह पट्टियां टूटी हुई हालत में लोहे की एंगल के सहारे लटकी हुई हैं, जो कभी भी गिर सकती हैं। इससे छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।

अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट

स्कूल प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी शिक्षा विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही भवन की स्थिति को लेकर रिपोर्ट भी भेजी गई है।

मरम्मत कार्य पर उठे सवाल

गौरतलब है कि कुछ माह पहले ही नगरपालिका द्वारा स्कूल की छत की मरम्मत करवाई गई थी। वर्ष 2023 में जारी टेंडर के तहत हाल ही में रिपेयरिंग कार्य पूरा हुआ था, लेकिन अब छत गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय शिक्षकों और लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version