लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात के 24 घंटे बाद आदेश जारी**
जयपुर। राजस्थान सरकार ने दिल्ली में कार्यरत वरिष्ठ IAS अधिकारी वी. श्रीनिवास को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है। इस संबंधित आदेश शुक्रवार को जारी किए गए। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी, जिसके बाद से ही उनकी नियुक्ति की अटकलें तेज हो गई थीं। उसी शाम केंद्र सरकार ने उन्हें प्रतिनियुक्ति से रिलीव कर दिया था।
इसके साथ ही वी. श्रीनिवास के नाम पर लगी सभी अटकलें खत्म हो गई हैं और अब वे आधिकारिक रूप से राजस्थान प्रशासन के सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
केंद्र ने दी मंजूरी, राज्य सरकार ने भेजा था प्रस्ताव
राजस्थान सरकार ने वी. श्रीनिवास को मुख्य सचिव बनाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, जिसे केंद्र ने मंजूरी देते हुए उन्हें तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के लिए मुक्त किया। श्रीनिवास वर्तमान में केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदार पदों पर कार्यरत थे और उन्हें नीति-निर्माण व प्रशासनिक सुधारों में विशेष अनुभव प्राप्त है।
वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर चुना गया चेहरा
वी. श्रीनिवास भारत सरकार में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। प्रशासनिक सुधार, पेंशन, लोक शिकायत और केंद्र–राज्य समन्वय में उनके अनुभव को देखते हुए राजस्थान सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, श्रीनिवास का कार्यकाल लगभग सितंबर 2026 तक रहेगा, जब वे सेवा निवृत्त होंगे। ऐसे में आगामी महीनों में वे राज्य प्रशासन की दिशाओं को प्रभावित करने वाले प्रमुख अधिकारी होंगे।
नेताओं और मंत्रियों ने दी बधाई
वी. श्रीनिवास की नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनका अनुभव राज्य प्रशासन को नई मजबूती देगा।
इसके अलावा उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बेरवा, उप मुख्यमंत्री रिया कुमारी, युवा एवं खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मदन दिलावर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
राजस्थान प्रशासन में बड़ा फेरबदल
मुख्य सचिव स्तर पर यह बदलाव राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। पूर्व मुख्य सचिव के पद छोड़ने के बाद से ही नया चेहरा तय होना महत्वपूर्ण था। वी. श्रीनिवास की नियुक्ति से राज्य–केंद्र समन्वय और प्रशासनिक स्थिरता में मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।
