हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद जोधपुर पहुंचा आसाराम, एयरपोर्ट पर समर्थकों का हंगामा

0
27
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर। नाबालिग से यौन उत्पीड़न मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद गुरुवार को जोधपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट परिसर में भारी हंगामा देखने को मिला। हाईकोर्ट ने बुधवार को आसाराम की अपील खारिज करते हुए उसकी आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था और सरेंडर करने के आदेश दिए थे।

आसाराम के जोधपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए। एयरपोर्ट पर उसके पहुंचते ही दर्शन करने की होड़ मच गई और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कुछ समर्थकों द्वारा मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की किए जाने की जानकारी सामने आई। देखते ही देखते एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर मौजूद एयरपोर्ट थाना पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में पूरी तरह असहाय नजर आई। सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद समर्थकों की भारी भीड़ के चलते एयरपोर्ट परिसर में अव्यवस्था फैल गई।

हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार आसाराम को जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर करना था, लेकिन एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह सीधे अस्पताल पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वह मेडिकल जांच और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल गया है। चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके जेल में सरेंडर की कार्रवाई की जाएगी।

एयरपोर्ट पर हुए हंगामे और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के बाद पुलिस प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और जेल विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here