लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अलवर, टेहला। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत टेहला, मांडल जोधा और पालड़ीकलां में आयोजित शिविरों का अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने निरीक्षण किया। उन्होंने 22 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे तथा अधिकतम मामलों का निस्तारण शिविर स्थल पर ही किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व, पंचायती राज, चिकित्सा, कृषि, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, जलदाय, विद्युत सहित 22 विभागों के कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
टेहला शिविर में प्रमुख उपलब्धियां
- राजस्व विभाग ने 5 बंटवारे, 31 नामांतरण, 25 शुद्धिकरण, 15 जन्म एवं 5 मृत्यु पंजीकरण के प्रकरणों का निस्तारण किया।
- 21 जाति प्रमाण पत्र और 25 मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए।
- पंचायत राज विभाग ने 2 गृह स्वामित्व पट्टे वितरित किए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय निर्माण के आवेदन लिए।
- मनरेगा के तहत 10 नए जॉब कार्ड बनाए गए।
- परिवहन विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के 15 बस पास आवेदन स्वीकार किए।
- कृषि विभाग ने खरीफ फसल प्रबंधन की जानकारी दी, जबकि आयुर्वेद विभाग ने स्वास्थ्य जांच कर दवाइयों का वितरण किया।
मांडल जोधा और पालड़ीकलां शिविरों में भी विभिन्न विभागों ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान गृह स्वामित्व पट्टों का वितरण किया गया तथा वर्षों से लंबित कई बंटवारा प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत दी गई।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विकास अधिकारी, चिकित्सा, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।