लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कृषि भूमि की निशानदेही के बदले ₹30 हजार लेते रंगे हाथ पकड़े गए, पहले मांगे थे ₹50 हजार
भरतपुर |
भरतपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि भूमि की निशानदेही के नाम पर रिश्वत लेने वाले दो पटवारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी ने चौबुर्जा क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई कर पटवारी प्रदीप सिंह और दिगंबर सिंह को ₹30 हजार की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के अनुसार, दोनों आरोपी भू-प्रबंधन (सेटलमेंट) टीम में कार्यरत हैं। परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी कृषि भूमि का सीमाज्ञान (नाप-तोल) और निशानदेही कराने के बदले दोनों पटवारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने शुरुआत में ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में दोनों आरोपी ₹30 हजार लेने पर सहमत हो गए।
इसके बाद एसीबी ने मुख्यालय के निर्देश पर ट्रैप की योजना बनाकर चौबुर्जा क्षेत्र में कार्रवाई की और दोनों पटवारियों को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।