लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं एवं नन्दीशालाओं को नियमित रूप से अनुदान उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अनुदान राशि में 25 प्रतिशत वृद्धि की है तथा नियमानुसार अतिरिक्त बढ़ोतरी भी की गई है।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक हरलाल सहारण के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि गौशालाओं को 9 माह एवं नन्दीशालाओं को 12 माह का अनुदान दिया जा रहा है। दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित गौवंश के लिए 12 माह तक सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
इससे पहले मूल प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि चूरू जिले में 278 गौशालाएं पंजीकृत हैं। राजस्थान गौ—संरक्षण एवं संवर्धन निधि नियम, 2016 (संशोधित 2021) के अंतर्गत वित्त वर्ष 2016-17 से पात्र गौशालाओं को 270 दिवस के लिए दो चरणों में चारा-पानी एवं पशु आहार हेतु सहायता राशि दी जा रही है।
वर्तमान में बड़े गौवंश के लिए 50 रुपये प्रतिदिन तथा छोटे गौवंश के लिए 25 रुपये प्रतिदिन सहायता प्रदान की जा रही है। मंत्री ने बताया कि विभाग की अन्य योजनाओं के तहत भी पात्र गौशालाओं को आधारभूत परिसम्पत्तियों के निर्माण के लिए सहायता का प्रावधान है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकृत गौशालाओं में पशु चिकित्सक नियुक्त करने या उनके परिवीक्षाकाल को एक वर्ष करने संबंधी कोई प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन नहीं है।
