लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मिनी खाटू बना पादूकलां, श्याम प्रेमियों का उमड़ा जनसैलाब
पादूकलां। कस्बे के बस्सी की ढाणी स्थित खाटू श्याम मंदिर पादूकलां में आयोजित तीन दिवसीय लख्खी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले के पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र “मिनी खाटू” के रूप में नजर आया।
दिव्य श्रृंगार और दूधिया रोशनी से जगमगाया मंदिर
प्रथम दिन बाबा श्याम का आकर्षक एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष सजावट से सुसज्जित मंदिर परिसर दूधिया प्रकाश में नहाया हुआ दिखाई दिया। भक्ति भाव से ओत-प्रोत वातावरण ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
श्याम प्रेमी डीजे की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाते हुए निशान लेकर मंदिर पहुंचे। “जय श्री श्याम”, “तीन बाण धारी”, “खाटू नरेश लखदातार” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पांव ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान सबसे पीछे सतरंगी फूलों से सजे रथ में विराजित खाटू श्याम जी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
तीन दिवसीय इस लख्खी मेले में भजन संध्या, विशेष पूजन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
