गणगौरी अस्पताल में महिला मरीज की जटिल सर्जरी, तीन घंटे में चार बड़े ऑपरेशन सफल

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

जयपुर (नवीन कुमावत)। जयपुर के राजकीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (गणगौरी अस्पताल) में चिकित्सकों की टीम ने एक महिला मरीज की जटिल सर्जरी कर बड़ी सफलता हासिल की है। सीनियर सर्जन डॉ. मुकेश शर्मा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे के भीतर चार बड़े ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला ‘पेल्विक ऑर्गन प्रोलैप्स’ नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। इस बीमारी में पेल्विस की मांसपेशियां और ऊतक कमजोर हो जाते हैं, जिससे पेशाब की थैली, गर्भाशय और मलाशय जैसे अंग अपनी जगह से नीचे खिसक जाते हैं।

दूरबीन तकनीक से की गई जटिल सर्जरी

अस्पताल अधीक्षक डॉ. लीनेश्वर हर्षवर्धन ने बताया कि सर्जरी सीनियर सर्जन डॉ. मुकेश शर्मा के नेतृत्व में डॉ. संजय, डॉ. कमलेश, डॉ. विरेन्द्र, डॉ. अश्वनी, डॉ. विवेक तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. हरप्रीत कौर और डॉ. रवि की टीम ने की।

उन्होंने बताया कि जयपुर में संभवतः पहली बार ऐसा हुआ है, जब एक ही समय में चार बड़ी सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हों।

मरीज को मिली नई जिंदगी

डॉ. मुकेश शर्मा ने बताया कि 42 वर्षीय महिला दौसा जिले की रहने वाली है। करीब 10-11 महीने पहले उसका बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद उसे गंभीर शारीरिक समस्याएं शुरू हो गईं। पेशाब की थैली और अन्य अंग अपने स्थान से खिसकने लगे थे, जिससे मरीज को पेशाब और शौच में गंभीर परेशानी हो रही थी।

विशेष जांचों और सीटी स्कैन के बाद बीमारी की पुष्टि हुई। इसके बाद डॉक्टरों ने दूरबीन तकनीक से एक साथ चार सर्जरी करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान मलाशय, पेशाब की थैली और गर्भाशय को सपोर्ट देने वाले हिस्से को विशेष जाली लगाकर स्थिर किया गया।

करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी के बाद महिला पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here