Home latest गंगधार में शताब्दी वर्ष के तहत संघ का भव्य पथ संचलन

गंगधार में शताब्दी वर्ष के तहत संघ का भव्य पथ संचलन

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

एकता, अनुशासन और राष्ट्रभावना का संदेश लेकर स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाया

गंगधार/झालावाड़ ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में पथ संचलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज झालावाड़ जिले के गंगधार में भव्य पथ संचलन आयोजित किया गया। यह संचलन हजारी बाग से प्रारंभ होकर कस्बे के मुख्य बाजारों से होकर गुजरा, जहाँ जगह-जगह नागरिकों ने स्वयंसेवकों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों, नागरिकों तथा नृसिंह मंदिर मित्र मंडल द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। पथ संचलन जब भाजपा मंडल चौमहला पहुँचा तो वहाँ भी विशेष रूप से पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया।

स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में, लाठी सहित अनुशासन की मिसाल प्रस्तुत करते हुए कतारबद्ध होकर कदम से कदम मिलाकर संचलन करते दिखाई दिए। उनके अनुशासन और समर्पण ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि आरएसएस का यह पथ संचलन एकता, अनुशासन और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। स्वयंसेवकों की एकजुटता, राष्ट्र सेवा का संकल्प और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

गंगधार में आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में राष्ट्र निर्माण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। उपस्थित नागरिकों ने इसे प्रेरणादायी कार्यक्रम बताया और स्वयंसेवकों की अनुशासनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version