Home latest गंगापुर लाठीचार्ज घटना के विरोध में चौमहला के अग्रवाल समाज ने सौंपा...

गंगापुर लाठीचार्ज घटना के विरोध में चौमहला के अग्रवाल समाज ने सौंपा ज्ञापन

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

चौमहला (झालावाड़)।
गंगापुर सिटी में अग्रवाल–खंडेलवाल समाज पर हुए लाठीचार्ज को लेकर चौमहला के अखिल भारतीय अग्रवाल समाज ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री और गृहमंत्री राजस्थान सरकार के नाम एक विरोध ज्ञापन गंगधार उपखंड अधिकारी को सौंपा।

अमित अग्रवाल ने बताया कि 17 सितंबर, गुरुवार को गंगापुर सिटी में समाज के लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपने सामाजिक अधिकारों और मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान राजस्थान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज ने न केवल समाज की भावनाओं को गहरी चोट पहुँचाई, बल्कि इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए उन्होंने इसे “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय” करार दिया।

ज्ञापन में कहा गया कि निर्दोष और अनुशासित नागरिकों पर हुई इस कार्रवाई से पूरे अग्रवाल समाज में गहरा रोष और असंतोष व्याप्त है। समाज ने मांग की है कि—

  • लाठीचार्ज की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों व पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

  • घायल समाजजनों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा और उचित मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए।

  • भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएँ।

अग्रवाल समाज ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक कार्यवाही नहीं की जाती है, तो प्रदेश इकाई की अनुमति के बाद जिले व प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अग्रवाल समाज शांतिप्रिय, शिक्षित और अनुशासित है, किंतु कायर नहीं है।

ज्ञापन के दौरान प्रदेश मंत्री जगदीश अग्रवाल, महिला मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष ममता अग्रवाल, संरक्षक नारायणलाल अग्रवाल, अध्यक्ष शरद अग्रवाल, पूर्व सरपंच कमलेश अग्रवाल, सहित भगवती प्रसाद अग्रवाल, दुर्गेश अग्रवाल, महेश बंसल, राजेंद्र अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, विरेंद्र ऐरन, पलाश अग्रवाल, जगदीश ऐरन, हेमंत अग्रवाल, राजकुमार गोयल, राजेश मंगल, कैलाश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version