लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अंग्रेज बाबजी की झाड़ी में हुआ महाभिषेक, मेवड़ा धाम में साधु-संतों की मौजूदगी में विशेष पूजन; जलदाय विभाग कार्यालय में भी हुआ रुद्राभिषेक
पादूकलां। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को पादूकलां कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध, पंचामृत, आक और धतूरा अर्पित किया। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और ओम नमः शिवाय के जयकारे गूंजते रहे।
कस्बे के पद्मावती सरोवर स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर, श्रीनाथजी आश्रम, नर्मदेश्वर महादेव, चारभुजा मंदिर, कल्याण महादेव, जोगेश्वर महादेव सहित मेवड़ा धाम स्थित अच्छीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना की।
अंग्रेज बाबजी की झाड़ी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अंग्रेज बाबजी की झाड़ी स्थित प्रसिद्ध जोगेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर देश-दुनिया में अमन-शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर भव्य महाभिषेक किया गया।
आयोजन राईकों की ढाणी जोगेश्वर धाम के महंत पर्वतनाथजी महाराज के सानिध्य में हुआ। महाभिषेक के दौरान भगवान भोलेनाथ का पंचामृत और पवित्र जल से अभिषेक किया गया। पंडित रविशंकर उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए।
महाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। महंत पर्वतनाथजी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और शांति की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।
मेवड़ा धाम में साधु-संतों की मौजूदगी में महाभिषेक
मेवड़ा धाम स्थित अच्छीनाथ महादेव मंदिर में भी अंतिम सावन सोमवार पर विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। साधु-संतों की मौजूदगी में मंदिर के महंत पीर योगी लक्ष्मण नाथजी महाराज और विद्वान पंडितों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और महाभिषेक कराया।
इसके बाद भगवान भोलेनाथ का दिव्य श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के पश्चात महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव के जयकारे लगाए।
मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने अच्छीनाथ महादेव से परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा अच्छी बारिश की कामना की।
जलदाय विभाग कार्यालय में भी हुआ रुद्राभिषेक
पादूकलां स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) उपखंड कार्यालय में भी सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का पंचामृत और विभिन्न पूजन सामग्री से अभिषेक किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई। कार्यक्रम में सहायक अभियंता श्रीमती रीना कर्मवानी, कनिष्ठ अभियंता भेरूराम, सेवानिवृत्त कर्मचारी लिखमाराम रोड, कनिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार और तकनीकी कर्मचारी रामचंद्र पाराशरीय सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया।